* 80वें स्वतंत्रता दिवस पर हुआ भव्य झंडा सलामी कार्यक्रम *

नई दिल्ली। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सदर बाजार स्थित स्वदेशी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन द्वारा एक भव्य झंडा सलामी एवं राष्ट्रभक्ति समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एसोसिएशन के अध्यक्ष शाकिर भाई एवं कोषाध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लेकर देशभक्ति का परिचय दिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ व्यापारी नेता एवं अध्यक्ष, सदर बाजार बारी मार्केट ट्रेड्स एसोसिएशन परमजीत सिंह पम्मा, फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेड्स एसोसिएशन (FESTA) के अध्यक्ष राकेश कुमार यादव, कार्यवाहक अध्यक्ष योगेंद्र सिंह तथा महासचिव राजिंदर शर्मा उपस्थित रहे। एसोसिएशन की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में सैकड़ों व्यापारियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देकर देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। पूरे बाजार को तिरंगों से सजाया गया था, जिससे देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

अध्यक्ष शाकिर भाई एवं कोषाध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने बताया कि स्वदेशी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन पिछले 15 वर्षों से लगातार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडा सलामी कार्यक्रम आयोजित करती आ रही है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन व्यापारियों में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम बन चुका है।

अपने संबोधन में परमजीत सिंह पम्मा एवं राकेश कुमार यादव ने व्यापारियों से सदर बाजार की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि सभी व्यापारी संगठित होकर अपनी आवाज प्रशासन और सरकार तक पहुंचाएंगे, तो क्षेत्र की समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा। उन्होंने व्यापारियों की एकता को सदर बाजार की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सभी से मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करने की अपील की।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और भारत माता की जय के नारों के साथ हुआ।