मॉडर्न मांटेसरी स्कूल हमीरापुर में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, हसीब खान ने किया ध्वजारोहण

बलरामपुर। 15 अगस्त, जश्न-ए-आजादी के पावन अवसर पर मॉडर्न मांटेसरी स्कूल हमीरापुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों और विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से आजादी के अमर नायकों एवं देश के वीर जवानों को याद किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस नेता हसीब खान ने शिरकत की। विद्यालय प्रबंधन की ओर से उनका फूल-माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद हसीब खान ने विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान की गूंज से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के वातावरण से सराबोर हो गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया। विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रबंधन ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्य अतिथि हसीब खान ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 अगस्त देश का सबसे बड़ा राष्ट्रीय पर्व है। यह दिन हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी और उसकी रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी किसी एक धर्म, जाति या वर्ग की नहीं, बल्कि पूरे भारतवासियों की साझा विरासत है। सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर स्वतंत्रता दिवस मनाते हैं और देश की एकता एवं अखंडता का संदेश देते हैं।

हसीब खान ने कहा कि आज ही के दिन हमारा देश अंग्रेजी हुकूमत की गुलामी से आजाद हुआ था। आजादी के लिए अनगिनत वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी। देश उनके त्याग और बलिदान को कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानी को हमेशा याद रखते हुए हमें देश की एकता, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।

समारोह में विद्यालय के बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।