बदनेरा-नासिक रोड विशेष ट्रेन अब नियमित यात्री सेवा के रूप में चलेगी

मुंबई। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मध्य रेलवे ने बदनेरा और नासिक रोड के बीच चल रही विशेष ट्रेन को 15 अगस्त 2026 से नियमित यात्री ट्रेन के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। नियमित सेवा शुरू होने के साथ ही ट्रेन के नंबर में भी बदलाव किया गया है।

मध्य रेलवे के अनुसार विशेष ट्रेन संख्या 01211/01212 अब नियमित ट्रेन संख्या 61130/61129 बदनेरा-नासिक रोड दैनिक यात्री ट्रेन के रूप में प्रतिदिन चलेगी। इससे इस रेल मार्ग पर यात्रियों को नियमित और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी।

ट्रेन संख्या 61130 बदनेरा से प्रतिदिन सुबह 10:05 बजे रवाना होगी और उसी दिन शाम 7:40 बजे नासिक रोड पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 61129 नासिक रोड से रात 9:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:35 बजे बदनेरा पहुंचेगी।

इस ट्रेन का ठहराव मुर्तिजापुर, बोरगांव, अकोला, शेगांव, नांदुरा, मलकापुर, बोदवड़, भुसावल, जलगांव, पाचोरा, काजगांव, चालीसगांव, नांदगांव, मनमाड, लासलगांव और निफाड़ स्टेशनों पर रहेगा।

नियमित यात्री सेवा में 12 डिब्बों वाली मेमू ट्रेन का संचालन किया जाएगा। मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे 15 अगस्त 2026 से ट्रेन के बदले हुए नंबर का विशेष ध्यान रखें।

ट्रेन के विस्तृत समय और ठहराव की जानकारी रेलवे की राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली पर उपलब्ध है। यात्री टिकट बुकिंग के लिए रेल वन मोबाइल ऐप का भी उपयोग कर सकते हैं।