रतलाम में चलती बस में सर्राफा व्यापारी से बड़ी लूट, सोने से भरा बैग लेकर जंगल की ओर भागे बदमाश

रतलाम। रतलाम-उज्जैन मार्ग पर गुरुवार रात चलती बस में एक सर्राफा व्यापारी के साथ बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने कथित तौर पर सुनियोजित तरीके से व्यापारी से सोने के आभूषणों से भरा बैग छीन लिया और बस रुकवाकर जंगल की दिशा में फरार हो गए। बैग में तीन से चार किलो तक सोने के आभूषण और करीब तीन लाख रुपये नकद होने की जानकारी सामने आई है। कुल माल की कीमत लगभग पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है।

घटना के बाद जिलेभर में पुलिस अलर्ट हो गई और आरोपितों की तलाश के लिए नाकाबंदी की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रतलाम की जैन कॉलोनी निवासी सर्राफा व्यापारी अर्पित चौरड़िया बड़नगर से बस के माध्यम से रतलाम लौट रहे थे। चांदनी चौक स्थित गणेश मार्केट में उनकी एलसी ज्वेलर्स नाम से दुकान बताई जा रही है। वह नियमित रूप से रतलाम से सोने के आभूषण लेकर आसपास के शहरों और तहसीलों में व्यापार के लिए जाते हैं।

बताया जा रहा है कि व्यापारी बुधवार को भी आभूषण बेचने के सिलसिले में बाहर गए थे। इस दौरान करीब तीन लाख रुपये के आभूषण बिक चुके थे, जबकि बाकी सोने के आभूषण बैग में रखे हुए थे।

बस में पहले से सवार थे पांच संदिग्ध

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बड़नगर से बस में पांच संदिग्ध युवक सवार हुए थे। इनमें से एक युवक चालक के पास बैठा, जबकि चार अन्य युवक बस के पिछले हिस्से में बैठ गए। पुलिस को आशंका है कि सभी आरोपित एक-दूसरे के संपर्क में थे और वारदात को पहले से योजना बनाकर अंजाम दिया गया।

रात करीब 9 से 9:15 बजे के बीच जब बस रतलाम-उज्जैन मार्ग पर रेन मऊ फंटा के पास पहुंची, तब चालक के पास बैठे युवक ने बस रुकवाई। बस रुकते ही उसके साथियों ने कथित तौर पर सर्राफा व्यापारी का बैग छीन लिया।

बैग हाथ लगते ही सभी पांचों युवक बस से उतरकर पास के जंगल की ओर भाग निकले। अचानक हुई इस वारदात से बस में मौजूद यात्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस को रेकी की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार, एसडीओपी किशोर पाटनवाला और थाना प्रभारी अय्यूब खान सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और व्यापारी व अन्य लोगों से जानकारी जुटाई।

वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि बदमाश व्यापारी की गतिविधियों पर पहले से नजर रख रहे थे। जिस तरह से आरोपी बस में अलग-अलग स्थानों पर बैठे और सही मौके पर बस रुकवाकर बैग लेकर फरार हुए, उससे मामले में पूर्व रेकी या किसी अन्य संदिग्ध पहलू की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अब आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, संदिग्धों की मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

एसडीओपी किशोर पाटनवाला के अनुसार, व्यापारी से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली जा रही है और मामले की जांच जारी है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई थी और प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही थी।