100 फीट की ऊंचाई पर चाइनीज मांझे में फंसी चील का रेस्क्यू, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मिली आजादी

मुरादाबाद। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुरादाबाद अग्निशमन विभाग की टीम ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए करीब 100 फीट की ऊंचाई पर चाइनीज मांझे में फंसी एक चील को सुरक्षित रेस्क्यू कर खुले आसमान में आजाद कर दिया। अग्निशमन विभाग की इस सराहनीय कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने जमकर प्रशंसा की।

बंगला गांव चौराहे से जिगर कॉलोनी रोड पर स्थित पशुपालन विभाग के कार्यालय परिसर में करीब 100 फीट ऊंचे यूकेलिप्टिस के पेड़ पर एक चील चाइनीज मांझे में बुरी तरह फंस गई थी। उसके पैर और पंख मांझे में उलझे होने के कारण वह उड़ नहीं पा रही थी।

सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एफएसओ और फायर टीम मौके पर पहुंची। टीम ने एक्सटेंशन सीढ़ी की सहायता से करीब 100 फीट की ऊंचाई पर पहुंचकर बेहद सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

फायर टीम के जवानों ने जोखिम उठाते हुए चील को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद उसके पैरों और पंखों में फंसे चाइनीज मांझे को सावधानीपूर्वक काटकर अलग किया गया। मांझे से पूरी तरह मुक्त होने के बाद चील को सुरक्षित खुले स्थान पर ले जाया गया और फिर उसे खुले आसमान में छोड़ दिया गया। आजादी मिलते ही चील ने आसमान में उड़ान भर दी।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 100 फीट की ऊंचाई से एक बेजुबान पक्षी को मांझे की कैद से आजादी दिलाने का यह रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद खास रहा। इस कार्रवाई ने इंसान ही नहीं, बल्कि बेजुबान जीवों की सुरक्षा के प्रति अग्निशमन विभाग की संवेदनशीलता का संदेश भी दिया।

सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में फायर टीम की तत्परता और साहस की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि समय रहते अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और चील को सुरक्षित बचाकर उसे दोबारा खुले आसमान में उड़ने का मौका दिया।