शिवांगी गोंड का सब-इंस्पेक्टर पद पर चयन, गांव में खुशी का माहौल

आलापुर (अंबेडकर नगर)। तहसील क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी शिवांगी गोंड ने सब-इंस्पेक्टर पद पर चयनित होकर अपने परिवार, गांव, गोंड समाज और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई और बधाई देने वालों का तांता लग गया।

शिवांगी गोंड के पिता प्रेमनाथ गोंड निजी विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि माता प्रमिला धुरिया गृहणी हैं। बेटी की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के गोंड समाज सहित विभिन्न समाज के लोगों ने उनके घर पहुंचकर फूल-मालाओं से स्वागत किया और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विलावती, जनक दुलारी, फूलमती, प्रमिला, फूलचंद, सहदेव, अमरजीत, सुभाषचंद्र गोंड, रामाश्रय, सोहनलाल, भारतलाल, दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अर्पिता गोंड, अर्चना गोंड और प्रेमनाथ गोंड सहित अनेक लोगों ने शिवांगी की सफलता पर खुशी जताई। लोगों ने कहा कि शिवांगी ने हाजीपुर गांव के साथ-साथ तहसील आलापुर का भी नाम रोशन किया है।

जय बड़ा देव सेवा सदन धर्मार्थ ट्रस्ट की अध्यक्ष कंचन कुमारी तथा महारानी दुर्गावती सेवा सदन धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं संस्थापक पत्रकार रामू गोंड ने शिवांगी का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बेटियों की सफलता पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। शिवांगी ने मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर सब-इंस्पेक्टर पद हासिल कर क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।