वैष्णो देवी भक्तों के लिए राहत की खबर, बैटरी कार मार्ग खुला; यात्रा फिर हुई सुगम

कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। मौसम में सुधार के बाद बुधवार सुबह श्राइन बोर्ड प्रशासन ने महत्वपूर्ण बैटरी कार मार्ग श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया, जिससे यात्रा व्यवस्था फिर से सुचारु हो गई है। मार्ग खुलने के बाद भवन की ओर जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिल रही है।

बुधवार को कटड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। हालांकि त्रिकूट पर्वत पर बादलों का डेरा रहने के कारण कटड़ा से भवन के बीच संचालित हेलीकॉप्टर सेवा बीच-बीच में प्रभावित हुई। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के लिए यात्रा मार्गों पर घोड़ा, पिट्ठू, पालकी और बैटरी कार जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहीं।

रोजाना 18 से 22 हजार श्रद्धालु पहुंच रहे

श्री माता वैष्णो देवी यात्रा के सभी प्रमुख मार्ग वर्तमान में सुचारु हैं और श्रद्धालु पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ माता के दरबार की ओर बढ़ रहे हैं। मंगलवार को करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में शीश नवाया। वहीं बुधवार दोपहर एक बजे तक करीब 12 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे।

आने वाले त्योहारों और अवकाश को देखते हुए श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 18 से 22 हजार श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा पहुंच रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की नजर

श्राइन बोर्ड प्रशासन और स्थानीय प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। यात्रा मार्गों और मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों की सक्रियता के चलते श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण में माता के दर्शन की सुविधा मिल रही है।

मौसम में सुधार और बैटरी कार मार्ग खुलने से श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है। हालांकि हेलीकॉप्टर सेवा मौसम साफ होने और त्रिकूट पर्वत पर बादलों की स्थिति सामान्य होने पर ही पूरी तरह सुचारु हो सकेगी।