कटघर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नकबजनी का खुलासा, चोरी के सामान समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

मुरादाबाद। जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कटघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने यूनिवर्सल आर्क इंटरप्राइजेज के कारखाने में हुई नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए चोरी के सामान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का एक साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, 7 जुलाई 2026 की रात ग्राम भैंसिया स्थित यूनिवर्सल आर्क इंटरप्राइजेज के कारखाने की दीवार में कुम्बल लगाकर चोर अंदर दाखिल हुए थे। इसके बाद कारखाने से एल्युमिनियम का सामान और चावल चोरी किया गया था। मामले में थाना कटघर में मुकदमा संख्या 0399/2026 दर्ज किया गया था।

मुखबिर और सीसीटीवी की मदद से पकड़े गए आरोपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कटघर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की। 12 अगस्त 2026 को वन विभाग की पौधशाला के पास भोजपुर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरफान पुत्र मर्दान निवासी लाम्बीखेड़ा उर्फ लाम्बाखेड़ा, थाना टांडा, जनपद रामपुर; वसीम पुत्र बन्ने निवासी अगवानपुर, थाना सिविल लाइंस, मुरादाबाद, हाल निवासी जयन्तीपुर क्षेत्र; तथा नफीस पुत्र सलीम निवासी लंगड़े की पुलिया असालतपुरा, थाना गलशहीद, मुरादाबाद, हाल निवासी गुइयां बाग क्षेत्र के रूप में हुई है।

पूछताछ में सामने आया चोरी का तरीका

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अधिक संख्या में फैक्ट्रियां वाले इलाकों में रात के समय सुनसान स्थानों पर स्थित बंद कारखानों को निशाना बनाते थे। जिन कारखानों में चौकीदार नहीं होता था, वहां दीवार में कुम्बल लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि करीब एक महीने पहले भैंसिया रोड स्थित यूनिवर्सल आर्क इंटरप्राइजेज के कारखाने की दीवार में कुम्बल लगाकर अंदर से एल्युमिनियम की प्लेटें और अन्य सामान चोरी किया था। चोरी का कुछ सामान प्लास्टिक के कट्टों में भरकर ऑटो से कबाड़ी को बेच दिया गया था, जबकि कुछ एल्युमिनियम का सामान बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद में आरोपियों ने अपने पास रोक रखा था।

एल्युमिनियम का सामान और चोरी में इस्तेमाल औजार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का एल्युमिनियम सामान बरामद किया है। बरामद सामान में प्लास्टिक का कट्टा, कछुआनुमा आकार की एल्युमिनियम प्लेट, गोलाकार एल्युमिनियम प्लेटें, छोटी गोलाकार प्लेट, एल्युमिनियम की कटोरी और अन्य एल्युमिनियम की प्लेटें व कटोरियां शामिल हैं।

इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद हुए हैं। इनमें एक स्कूटी, प्लास्टिक का थैला, हथौड़ा, पेचकस, बड़ा हुकनुमा पेचकस, लोहे की छैनी और लोहे की रॉड शामिल हैं।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

इरफान पर कई मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी इरफान के खिलाफ मुरादाबाद, रामपुर और बदायूं के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं वसीम और नफीस के खिलाफ भी पूर्व में चोरी एवं अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

कटघर पुलिस टीम को मिली सफलता

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक विशाल चौधरी, उपनिरीक्षक लोकेश कुमार, मुख्य आरक्षी अनुज कुमार, आरक्षी शेखर चौहान, नितिन कुमार, रविकांत शर्मा और रितिक कुमार शामिल रहे।

कटघर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता सामने आई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।