मुरादाबाद। सीडीओ ने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण, शिक्षा की गुणवत्ता और शत-प्रतिशत नामांकन पर दिया जोर

मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने गुरुवार को छजलैट विकास क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय शाहपुर मुबारकपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय सराय खजूर तथा आंगनबाड़ी केंद्र सराय खजूर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के समय खंड शिक्षा अधिकारी भी मौजूद रहे।

सीडीओ ने विद्यालयों में कक्षाओं, शौचालयों, हैंडवॉश एरिया, साफ-सफाई, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता तथा शैक्षणिक वातावरण का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में सकारात्मक एवं अनुशासित माहौल बनाए रखने, शत-प्रतिशत छात्र नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देशित किया कि छह वर्ष पूर्ण कर चुके सभी बच्चों का कक्षा-1 में अनिवार्य रूप से नामांकन कराया जाए। साथ ही मध्याह्न भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी ने खंड शिक्षा अधिकारी को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, परिसर की नियमित साफ-सफाई और तीन वर्ष पूर्ण कर चुके सभी बच्चों का आंगनबाड़ी/बाल वाटिका में नामांकन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छ विद्यालय और प्रत्येक पात्र बच्चे का नामांकन शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।