ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पुनाली की बैठक आयोजित, पंचायतीराज चुनाव में जीत का लिया संकल्प, गांव-गांव जाकर कांग्रेस की विचारधारा पहुंचाने का कार्यकर्ताओं से किया आह्वान

संवाददाता - संतोष व्यास

डूंगरपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पुनाली की एक महत्वपूर्ण बैठक ब्लॉक अध्यक्ष व आसपुर विधानसभा प्रत्याशी राकेश रोत की अध्यक्षता में मंगलवार को दोवड़ा में आयोजित की गई। बैठक में आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर रणनीति बनाने के साथ ही पार्टी की जीत का संकल्प लिया गया।

बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व विधायक गणेश घोघरा, विधानसभा प्रभारी नरेंद्र खोड़निया, पूर्व उप जिलाप्रमुख प्रेमकुमार पाटीदार, पंचायती राज प्रभारी मनोज पाटीदार सहित कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

- बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान

बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी पंचायती राज चुनावों में पार्टी की विजय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।

- भाजपा सरकार पर बोला तीखा हमला

बैठक के दौरान भाजपा सरकार की नीतियों पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच रहा है। युवाओं के रोजगार की समस्या और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की गई।

- गांव-गांव तक पहुंचेगी कांग्रेस की विचारधारा

नेताओं ने स्पष्ट किया कि जनता अब झूठे वादों के बहकावे में आने वाली नहीं है और आगामी चुनावों में विकास व जवाबदेही के आधार पर ही निर्णय करेगी। इस दौरान कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने की अपील की गई। बैठक के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस का परचम लहराने का सामूहिक संकल्प लिया।