दिल्ली रोड स्थित बाइक शोरूम में अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण, कर्मचारियों को सिखाए आग से बचाव के उपाय

मुरादाबाद। जनपद में अग्नि सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पसिया के आदेश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में दिल्ली रोड स्थित एक बाइक शोरूम में अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण का संचालन अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने किया। इस दौरान शोरूम के कर्मचारियों को आग लगने की संभावित परिस्थितियों से बचाव, आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित निकासी, अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग तथा शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में कर्मचारियों को अग्निशामक यंत्रों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया और बताया गया कि किसी भी आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़े हादसों को टाला जा सकता है।

अग्निशमन विभाग ने सभी कर्मचारियों से शोरूम में उपलब्ध अग्नि सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच करने, विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा अग्नि सुरक्षा नियमों का पूर्णतः अनुपालन करने की अपील की।

यह प्रशिक्षण अभियान जनपद में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में अग्निशमन विभाग का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।