नीट परीक्षा में शानदार सफलता पर शिवम कसौधन का भव्य स्वागत, ट्रस्ट परिवार ने किया सम्मानित। 

बहराइच। प्रतिष्ठित नीट (NEET) परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर 567 अंक एवं ऑल इंडिया रैंक 25,171 प्राप्त करने वाले शिवम कसौधन का प्रथम बार श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर, चरनियाकोट आगमन पर श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर पब्लिक धार्मिक ट्रस्ट, चरनियाकोट द्वारा भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।शिवम कसौधन, ट्रस्ट परिवार के सदस्य भगवान जी के सुपुत्र हैं। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता पर ट्रस्ट परिवार में हर्ष का माहौल रहा। इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक एवं मृदा कृषि वैज्ञानिक डॉ. नीरज कुमार, अध्यक्ष सुरेश कुमार तथा सदस्य बृजेश कुमार, आकाश कसौधन, संदीप, बिक्कू सहित अन्य लोगों ने पुष्पमालाएं पहनाकर एवं शुभकामनाएं देकर शिवम का अभिनंदन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।बताया गया कि शिवम एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।इस दौरान ट्रस्ट परिवार ने कहा कि शिवम की सफलता केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज और बहराइच जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि शिवम ने यह साबित कर दिया है कि कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। ट्रस्ट परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे चलकर एक सफल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे।