उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित, राजभाषा हिंदी के प्रयोग को मिला बढ़ावा

जयपुर। राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सरकारी कार्यालयों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सोमवार को उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय, जयपुर स्थित ?संकल्प सभागार? में हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

यह प्रतियोगिता नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय-2), जयपुर के तत्वावधान में अध्यक्ष नराकास (कार्यालय-2) एवं उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित हुई।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि प्रतियोगिता में नराकास (कार्यालय-2) से जुड़े केंद्रीय सरकार के विभिन्न सदस्य कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों में राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कार्यालयी कार्यों में हिंदी के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना था।

प्रतियोगिता में सदस्य कार्यालयों के करीब 50 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान हिंदी भाषा से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे गए, जिनका प्रतिभागियों ने उत्साह और ज्ञान के साथ उत्तर दिया।

इस अवसर पर उप मुख्य राजभाषा अधिकारी कपिल सिंघल तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय-2) के सचिव शिवचरण बैरवा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

उत्तर पश्चिम रेलवे ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं न केवल राजभाषा हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाती हैं, बल्कि सरकारी कार्यालयों में हिंदी के प्रभावी और व्यावहारिक उपयोग को भी मजबूत करती हैं।