रेलवे ने 14 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाई, यात्रियों को मिलेगी राहत

यात्रियों की सुविधा और बढ़ती यात्रा मांग को देखते हुए रेल प्रशासन ने 14 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तराखंड सहित कई राज्यों के यात्रियों को राहत मिलेगी। विस्तारित अवधि के दौरान ये ट्रेनें अपने निर्धारित मार्ग, समय और ठहराव के अनुसार संचालित होंगी।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार वडोदरा गोरखपुर, वडोदरा मऊ, डॉ. अंबेडकर नगर पटना, वलसाड दानापुर, मुंबई सेंट्रल कटिहार, मुंबई सेंट्रल बनारस, प्रतापनगर लालकुआं, उधना झंझारपुर, सूरत छपरा, अहमदाबाद दरभंगा, उधना मधुबनी, उधना हसनपुर रोड, उधना मधुबनी तथा अहमदाबाद पटना स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि अलग-अलग तिथियों तक बढ़ाई गई है।

इन ट्रेनों का संचालन अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026 तक विभिन्न फेरों के साथ जारी रहेगा। कुछ ट्रेनों को 5 फेरे, कुछ को 6, 7, 9 और 12 अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे, जिससे त्योहारों और बढ़ती यात्री भीड़ के दौरान यात्रियों को आरक्षित सीटें मिलने में सुविधा होगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम समय-सारणी एवं संचालन संबंधी जानकारी राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (NTES) या रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से प्राप्त करने की अपील की है।

रेलवे का कहना है कि स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाने का उद्देश्य यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करना, प्रतीक्षासूची कम करना और यात्रियों को अधिक आरामदायक एवं सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।