शिक्षक को पीटने के बाद दरोगा पर थप्पड़ जड़ने वाला छात्र गिरफ्तार पुलिस ने भेजा जेल

बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र में शनिवार को शिक्षक से मारपीट और उसके बाद पुलिस चौकी में हंगामा, तोड़फोड़ व पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने रविवार को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार, शनिवार को शीशगढ़ थाना क्षेत्र के पुनुनागर निवासी शिक्षक कुलदीप सिंह ने पढ़ाई नहीं करने पर छात्र रोहित को थप्पड़ मार दिया था। इससे नाराज रोहित ने अपने साथियों संजय गुर्जर और अमित गुर्जर के साथ उनई मकरूका गांव के पास शिक्षक को घेर लिया और कथित रूप से मारपीट कर दी। आरोप है कि शिक्षक के साथ मौजूद दो महिला शिक्षिकाओं से भी अभद्रता की गई।समझौते के दौरान चौकी में मचा बवाल मारपीट के बाद शिक्षक शिकायत लेकर नारायण नगला पुलिस चौकी पहुंचे। चौकी प्रभारी अंकित सिंह बघेल ने दोनों पक्षों और उनके परिजनों को बुलाकर समझौते का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी पक्ष ने चौकी परिसर में गाली-गलौज, हंगामा और तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोप है कि एक आरोपी ने चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करते हुए थप्पड़ भी जड़ दिए। घटना में हेड कांस्टेबल कपिल कुमार और ओवेन्द्र भी घायल हुए। मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
घटना के बाद दर्ज मुकदमों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रविवार को बहेड़ी के उनई मकरूका निवासी संजय सिंह पुत्र धारा सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत न करने की बात कही। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। दो एफआईआर दर्ज, कई गंभीर धाराओं में कार्रवाई शिक्षक कुलदीप सिंह की तहरीर पर रोहित, संजय गुर्जर और अमित गुर्जर के खिलाफ मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, चौकी प्रभारी अंकित सिंह बघेल की ओर से सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर हमला, धमकी, तोड़फोड़ और लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में दूसरी एफआईआर दर्ज की गई है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि चौकी पर पहुंचे आरोपी पहले आपस में विवाद करने लगे और पुलिस के हस्तक्षेप पर पुलिसकर्मियों से भी मारपीट की। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।