हरदोई में 1.29 करोड़ की चोरी का खुलासा, दुकान के कर्मचारियों समेत 14 आरोपी गिरफ्तार, दो बाल अपचारी भी पकड़े गए

हरदोई। शहर कोतवाली पुलिस, स्वाट, सर्विलांस और एसओजी टीम ने करीब 1.29 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का खुलासा करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,28,99,310 नगद बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, रेलवेगंज निवासी पंकज अग्रवाल ने 17 जुलाई को कोतवाली शहर में तहरीर देकर बताया था कि 16/17 जुलाई की रात उनके घर में संचालित थोक परचून की दुकान से भारी मात्रा में नगदी चोरी हो गई। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि दुकान पर कार्यरत तीन कर्मचारियों और दो बाल अपचारियों की नजर दुकान में रखी एक करोड़ रुपये से अधिक की नगदी पर पड़ गई, जिसके बाद उन्होंने चोरी की साजिश रची। आरोप है कि कर्मचारियों ने दुकान मालिक के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। उनके बेहोश होने के बाद आरोपियों ने छोटा हाथी (पिकअप वाहन) बुलाकर रुपयों से भरे बैग उसमें लाद दिए और फरार हो गए।
जांच के दौरान इस वारदात में कुल 14 आरोपियों और दो बाल अपचारियों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा उनके कब्जे से चोरी की ₹1,28,99,310 नगदी बरामद कर ली।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने लालच में आकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। मुख्य आरोपी दुकान में कार्यरत होने के कारण घर में रखी नगदी और उसकी व्यवस्था से पूरी तरह परिचित थे। फिलहाल सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की अन्य कड़ियों की भी जांच जारी है।