पत्नी को पीट रहे बेटे को रोकने पहुंचे बुजुर्ग पिता की चाकू से हत्या

बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के तैयतपुर गांव में शुक्रवार दोपहर घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पत्नी से मारपीट कर रहे एक युवक ने बीच-बचाव करने पहुंचे अपने 70 वर्षीय पिता की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात की प्रत्यक्षदर्शी उसकी 16 वर्षीय बेटी बनी, जिसके सामने दादा की हत्या हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है काम से लौटते ही पत्नी से हुआ विवाद परिजनों के अनुसार आरोपी बाबूराम शुक्रवार सुबह मजदूरी करने गया था और दोपहर करीब 1:30 बजे घर लौटा। घर पहुंचते ही खाना बनाने की बात को लेकर पत्नी पुष्पा देवी से उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर उसके पिता रामदीन कोरी (70) बीच-बचाव करने पहुंचे। पिता पर चाकू से ताबड़तोड़ वार परिजनों का आरोप है कि गुस्से में बाबूराम ने घर में रखा चाकू उठा लिया और अपने पिता रामदीन के सीने पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से रामदीन मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। 16 वर्षीय बेटी ने सुनाई पूरी घटना इस घटना की प्रत्यक्षदर्शी आरोपी की 16 वर्षीय बेटी हिमांशी ने बताया कि उसके पिता शराब पीकर घर आए थे और मां के साथ मारपीट कर रहे थे। दादा जब मां को बचाने पहुंचे तो पिता ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। देखते ही देखते दादा जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। पत्नी ने भी लगाए मारपीट के आरोप मृतक की बहू पुष्पा देवी ने पुलिस को बताया कि बाबूराम घर लौटते ही विवाद करने लगा और उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर ससुर रामदीन उन्हें बचाने पहुंचे, लेकिन बाबूराम ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।पुलिस ने शुरू की कार्रवाई सूचना मिलते ही सीओ हाईवे, बिथरी चैनपुर थाना पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर आरोपी बाबूराम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसकी तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।