पूर्वोत्तर रेलवे के टैलेंट हंट ग्रैंड फिनाले में प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन, विजेताओं को किया गया सम्मानित

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय के रेलवे प्रेक्षागृह में आयोजित अंतर्मंडलीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता एवं टैलेंट हंट शो का ग्रैंड फिनाले रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनकी प्रतिभा की सराहना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद विभिन्न मंडलों से पहुंचे प्रतिभागियों ने गायन, नृत्य, कविता पाठ, वादन, मैजिक शो और अन्य सांस्कृतिक विधाओं में अपनी आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे में इस प्रकार का आयोजन एक अभिनव पहल है, जिसका उद्देश्य रेलकर्मियों और उनके परिवारों, विशेषकर बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ रेल परिवार के बीच आपसी जुड़ाव और भाईचारे को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और उनके अभिभावकों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने स्वागत संबोधन में कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे में पहली बार आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस मंच का उद्देश्य रेल परिवार की छिपी हुई कलात्मक प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराना है।

ग्रैंड फिनाले में कविता पाठ, शास्त्रीय एवं सुगम गायन, वादन, लोक एवं शास्त्रीय नृत्य, समूह नृत्य तथा मैजिक शो सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं और निर्णायकों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन (नरवो) की अध्यक्ष मीनाक्षी बोरवणकर, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन पदाधिकारी, रेल कर्मचारी, उनके परिवारजन तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आसिफ जहीर और रचना श्रीवास्तव ने किया, जबकि वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी गोपाल प्रसाद गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया।