मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, दूध, मिठाई और चटनी के नमूने जांच के लिए भेजे गए

मुरादाबाद।खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाया। सहायक आयुक्त खाद्य-II राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।

अभियान के दौरान दिल्ली रोड स्थित गागन पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश कुमार ने मोहम्मद गुलाम से मिश्रित दूध का नमूना लिया, जबकि डॉ. भूपेंद्र सिंह ने नरेंद्र से मिश्रित दूध का नमूना संग्रहित किया।

इसके बाद टीम ने प्रेम स्वीट का निरीक्षण किया, जहां छेना मिठाई और मिश्रित दूध के नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान कमियां पाए जाने पर प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस भी जारी किया गया।

वहीं, आलम बिरयानी से लाल चटनी का नमूना भी जांच के लिए लिया गया। यहां भी निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के आधार पर संचालक को नोटिस जारी किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह, कमलेश कुमार और राजीव कुमार भी मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।