गुढा स्टेशन पर आरडीएसओ डेडिकेटेड टेस्ट ट्रैक का सिग्नलिंग कार्य पूरा, पहली ट्रेन का सफल संचालन

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने जोधपुर मंडल के गुढा स्टेशन पर आरडीएसओ के डेडिकेटेड टेस्ट ट्रैक को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। रेलवे ने स्टेशन पर आवश्यक सिग्नलिंग कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। कार्य पूर्ण होने के बाद सोमवार शाम पहली ट्रेन को सफलतापूर्वक सिग्नल देकर संचालित किया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना के तहत गुढा स्टेशन की इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (ईआई) प्रणाली में आवश्यक तकनीकी संशोधन किए गए। स्टेशन के छोर पर स्लॉट कंट्रोल प्रणाली स्थापित की गई है, जिससे आरडीएसओ के डेडिकेटेड टेस्ट ट्रैक को गुढा स्टेशन यार्ड और मुख्य रेल नेटवर्क से सुरक्षित रूप से जोड़ा जा सके।

इसके अलावा स्टेशन के सभी 18 प्वाइंट्स के लिए प्वाइंट इंडिकेशन सर्किट में नवीनतम रेलवे सुरक्षा मानकों के अनुरूप संशोधन किए गए हैं। इन बदलावों से प्वाइंट संचालन की विश्वसनीयता और रेल सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा।

रेलवे का कहना है कि इस नई व्यवस्था से डेडिकेटेड टेस्ट ट्रैक पर विकसित होने वाली नई रेल तकनीकों, ट्रैक, कोच और अन्य रेलवे प्रणालियों का परीक्षण अधिक प्रभावी, सुरक्षित और सुचारु रूप से किया जा सकेगा। यह उपलब्धि भारतीय रेल की आधुनिक, सुरक्षित और तकनीक आधारित रेल अवसंरचना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।