यात्रियों को बड़ी राहत: माण्डा रोड स्टेशन पर चार एक्सप्रेस ट्रेनों को मिला दो मिनट का ठहराव

गोरखपुर। यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने उत्तर मध्य रेलवे के माण्डा रोड स्टेशन पर चार महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों को दो मिनट का वाणिज्यिक ठहराव प्रदान करने का निर्णय लिया है। इस व्यवस्था से माण्डा रोड एवं आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, 21 जुलाई 2026 से 15076 टनकपुर-शक्तिनगर एक्सप्रेस माण्डा रोड स्टेशन पर रात्रि 11:38 बजे पहुंचेगी और 11:40 बजे प्रस्थान करेगी।

इसी प्रकार, 20 जुलाई 2026 से 15075 शक्तिनगर-टनकपुर एक्सप्रेस माण्डा रोड स्टेशन पर रात्रि 11:13 बजे पहुंचेगी और 11:15 बजे रवाना होगी।

इसके अलावा, 20 जुलाई 2026 से 15074 टनकपुर-सिंगरौली एक्सप्रेस का भी माण्डा रोड स्टेशन पर रात्रि 11:38 बजे से 11:40 बजे तक ठहराव रहेगा।

वहीं, 21 जुलाई 2026 से 15073 सिंगरौली-टनकपुर एक्सप्रेस माण्डा रोड स्टेशन पर रात्रि 11:13 बजे पहुंचेगी और 11:15 बजे प्रस्थान करेगी।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस निर्णय से माण्डा रोड क्षेत्र के यात्रियों को इन महत्वपूर्ण ट्रेनों में चढ़ने और उतरने की सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी यात्रा अधिक आसान, सुविधाजनक और समय की बचत वाली होगी। यह कदम यात्रियों को बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पूर्वोत्तर रेलवे का एक और सकारात्मक प्रयास है।