पुणे से पुरी के लिए चलेगी वन-वे स्पेशल ट्रेन, रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ में मिलेगा ठहराव

बिलासपुर। यात्रियों की बढ़ती मांग और कन्फर्म बर्थ की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे ने पुणे से पुरी के बीच एक फेरे के लिए विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को पुणे से रवाना होगी और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर, बिलासपुर एवं रायगढ़ स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव करेगी।

गाड़ी संख्या 01471 पुणे?पुरी स्पेशल 16 जुलाई को सुबह 10:00 बजे पुणे से रवाना होगी। दूसरे दिन यह रायपुर सुबह 6:10 बजे, बिलासपुर सुबह 7:55 बजे तथा रायगढ़ सुबह 9:27 बजे पहुंचेगी। इसके बाद झारसुगुड़ा, संबलपुर सिटी, अनुगुल, कटक, भुवनेश्वर और खोरधा रोड होते हुए रात 9:00 बजे पुरी पहुंचेगी।

इस विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 2 एसएलआरडी, 10 जनरल और 10 स्लीपर कोच शामिल हैं, जिससे अधिक से अधिक यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिल सके।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति NTES ऐप, 139 रेलवे पूछताछ सेवा या अधिकृत रेलवे पोर्टल के माध्यम से अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।