अवंतीपुरा में बनेगा गति-शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल, उत्तर रेलवे ने निवेशकों से मांगी रुचि

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स विकास को बढ़ावा देने के लिए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने अवंतीपुरा रेलवे स्टेशन पर गति-शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल (जीसीटी) स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए रेलवे ने इच्छुक निवेशकों, लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाताओं, कंटेनर ट्रेन ऑपरेटरों और औद्योगिक इकाइयों से रुचि की अभिव्यक्ति (ईओआई) आमंत्रित की है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह पहल रेलवे बोर्ड के मास्टर सर्कुलर-2026 के तहत की जा रही है। प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई 2026, दोपहर 3:30 बजे निर्धारित की गई है। खास बात यह है कि इस प्रक्रिया में टेंडर शुल्क और अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (ईएमडी) शून्य रखा गया है, जिससे छोटे और मध्यम उद्यमी भी बिना अतिरिक्त वित्तीय बोझ के भाग ले सकेंगे।

रेलवे का कहना है कि अवंतीपुरा में कार्गो टर्मिनल बनने से उद्योगों और व्यापारियों को रेल मार्ग से माल ढुलाई की सुविधा मिलेगी, जिससे परिवहन लागत में कमी आएगी और व्यापार को गति मिलेगी। साथ ही फर्स्ट-माइल और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी बेहतर होने से छोटे और मध्यम उद्योगों को भी राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

इस परियोजना से रेल माल ढुलाई में वृद्धि होने के साथ सड़क परिवहन पर दबाव कम होगा, रेलवे के माल राजस्व में बढ़ोतरी होगी और क्षेत्र में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इससे जम्मू-कश्मीर के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि गति-शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल प्रधानमंत्री के गति-शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। अवंतीपुरा में यह टर्मिनल बनने से जम्मू-कश्मीर के उद्योगों को राष्ट्रीय बाजार से सीधा जुड़ाव मिलेगा और निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने निवेशकों और उद्यमियों से इस अवसर का लाभ उठाकर क्षेत्र के विकास में भागीदार बनने की अपील की है।