19 जुलाई को बदायूं आएंगे पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इक़बाल शेरवानी, जनसंवाद कार्यक्रम में सुनेंगे जनता की समस्याएं

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ठाकुर योगेन्द्र सिंह तोमर ने संभाली तैयारियों की कमान, फोर लीफ होटल में होगा जनसंवाद कार्यक्रम

बदायूं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इक़बाल शेरवानी एक बार फिर बदायूं की जनता के बीच पहुंचकर जनसंवाद करेंगे। आगामी 19 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे शहर स्थित फोर लीफ होटल में आयोजित कार्यक्रम में वह आमजन, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से सीधे संवाद करेंगे तथा उनकी समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन देंगे।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ठाकुर योगेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि यह आयोजन किसी राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के उद्देश्य से नहीं, बल्कि जनता और नेतृत्व के बीच संवाद स्थापित करने की भावना से किया जा रहा है। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, समाज के प्रबुद्ध लोगों तथा आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

ठाकुर योगेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि सलीम इक़बाल शेरवानी का बदायूं से रिश्ता केवल राजनीति तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने अपने सांसद एवं केंद्रीय मंत्री के कार्यकाल में जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए जिले के विकास और हजारों लोगों की व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में अनेक लोगों को राजनीतिक पहचान और आगे बढ़ने का अवसर भी मिला।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद शेरवानी की बदायूं में सक्रियता अपेक्षाकृत कम रही, जिससे उनके समर्थकों में दूरी का एहसास हुआ। हालांकि अब एक बार फिर उन्हें जनता के बीच सक्रिय करने के लिए लगातार प्रयास किए गए। इसी क्रम में पूर्व में आयोजित 'सेक्युलर महापंचायत' ने भी राजनीतिक हलकों में नई चर्चा पैदा की थी। इस आयोजन में सहसवान विधानसभा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में ठाकुर योगेन्द्र सिंह तोमर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उन्होंने कहा कि आगामी जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से सलीम इक़बाल शेरवानी सीधे लोगों से मिलेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और बदायूं के विकास, संगठन की मजबूती तथा भविष्य की राजनीतिक दिशा पर भी विचार-विमर्श करेंगे।

ठाकुर योगेन्द्र सिंह तोमर ने जिले के सभी समाजवादी कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे 19 जुलाई को प्रातः 10:00 बजे फोर लीफ होटल पहुंचकर इस जनसंवाद कार्यक्रम में सहभागी बनें और बदायूं के विकास तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखें।