आरपीएफ की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 15 किलो गांजा, 185 शराब की बोतलें और सात चोरी के मोबाइल बरामद

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की रेलवे सुरक्षा बल ने 7 और 8 जुलाई को अपने अधिकार क्षेत्र में व्यापक अपराध-रोधी अभियान चलाते हुए नशीले पदार्थों की तस्करी, शराब की तस्करी और चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल की। आरपीएफ ने सरकारी रेल पुलिस,आबकारी विभाग, बाल कल्याण अधिकारियों और अन्य एजेंसियों के साथ संयुक्त कार्रवाई कर रेल यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत किया।

अभियान के दौरान विभिन्न रेलवे स्टेशनों से करीब 15 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 7.60 लाख रुपये है, बरामद किया गया। इसके अलावा 20 हजार रुपये से अधिक मूल्य की 185 शराब की बोतलें भी जब्त की गईं। सभी मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित एजेंसियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया।

आरपीएफ ने मोबाइल चोरी के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई करते हुए लगभग 1.04 लाख रुपये मूल्य के सात चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए और आरोपियों को जीआरपी के हवाले कर दिया।

मानवीय पहल के तहत आरपीएफ ने विभिन्न स्टेशनों से सात नाबालिग बच्चों (छह लड़के और एक लड़की) को सुरक्षित रेस्क्यू कर बाल कल्याण समिति और चाइल्ड हेल्प डेस्क को सौंपा। वहीं, एक बीमार बुजुर्ग यात्री को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराकर रेलवे एंबुलेंस से बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए भेजा गया तथा उसके परिजनों को भी तुरंत सूचना दी गई।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, रेल संपत्ति की रक्षा और अपराधमुक्त रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।