यात्रियों को राहत: पुणे–दानापुर स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ी, कानपुर तक मेमू ट्रेनों का संचालन भी बहाल

प्रयागराज। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने 01449/01450 पुणे-दानापुर-पुणे दैनिक विशेष ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ाने का फैसला किया है। विस्तारित अवधि के तहत ट्रेन संख्या 01449 पुणे-दानापुर का संचालन 16 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक तथा 01450 दानापुर-पुणे का संचालन 18 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन किया जाएगा। दोनों दिशाओं में ट्रेन कुल 75-75 फेरे लगाएगी।

यह विशेष ट्रेन दौंड कॉर्ड लाइन, अहमदनगर, कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, डभौरा, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा होते हुए चलेगी। ट्रेन में एसी द्वितीय, एसी तृतीय, स्लीपर, सामान्य तथा एसएलआरडी सहित कुल 18 कोच लगाए जाएंगे।

इसके अलावा रेलवे ने पूर्व में घोषित कुछ ट्रेनों के आंशिक निरस्तीकरण और ओरिजिनेशन संबंधी आदेश में संशोधन करते हुए यात्रियों को राहत दी है। अब 64630 फफूंद-कानपुर सेंट्रल, 64645 खजुराहो-कानपुर सेंट्रल और 64593 फतेहपुर-कानपुर सेंट्रल ट्रेनों का संचालन 11 जुलाई 2026 से पुनः कानपुर सेंट्रल तक किया जाएगा। इससे पहले इन ट्रेनों को अस्थायी रूप से गोविंदपुरी और चंदारी तक सीमित किया गया था। रेलवे के इस निर्णय से कानपुर आने-जाने वाले यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी।