अमरनाथ यात्रा: जम्मू रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम

जम्मू। श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने जम्मू रेलवे स्टेशन पर व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। स्टेशन पर अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की लगातार निगरानी के बीच आरपीएफ और जीआरपी के जवान 24 घंटे तैनात हैं। सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे स्टेशन परिसर पर नजर रखी जा रही है, जबकि टिकट जांच स्टाफ भी सुरक्षा एजेंसियों के साथ नियमित गश्त कर रहा है।

यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क और सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्लेटफॉर्मों पर पेयजल, अतिरिक्त सफाईकर्मी और प्राथमिक उपचार केंद्र की व्यवस्था की गई है। ट्रेनों की समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा किसी ट्रेन के विलंब होने पर यात्रियों को पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम और एसएमएस के माध्यम से तत्काल सूचना दी जा रही है।

उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल स्वयं स्टेशन पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा आस्था का प्रतीक है और रेलवे का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित, सम्मानजनक और सुगम यात्रा का अनुभव प्राप्त करे।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पर होने वाली घोषणाओं का पालन करें और किसी भी सहायता के लिए रेल मदद 139 या स्टेशन स्थित सहायता केंद्र से संपर्क करें।