मुरादाबाद में स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों का फायर ऑडिट, 490 लोगों को अग्नि सुरक्षा का प्रशिक्षण

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा,लखनऊ के निर्देश तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर जनपद मुरादाबाद में दो दिवसीय अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में फायर ऑडिट एवं इवेक्यूएशन जागरूकता अभियान चलाया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय के निर्देशन में अग्निशमन केंद्र, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कुल 10 शिक्षण संस्थानों का फायर ऑडिट किया। इस दौरान छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों सहित 490 लोगों को आग लगने की स्थिति में बचाव, अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित उपयोग और सुरक्षित निकासी (इवेक्यूएशन) की जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान आमरह पब्लिक स्कूल, एडम एंड ईब पब्लिक स्कूल, सागर पब्लिक स्कूल, भगवंत सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, यश चिल्ड्रन एकेडमी, डीएसएम इंटर कॉलेज, हुसैन क्लासेस, ब्राइट फ्यूचर पब्लिक स्कूल, हिंदू मॉडल इंटर कॉलेज और आरएसडी एजुकेशनल एंड चैरिटेबल सोसाइटी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण किया गया।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने संस्थानों में उपलब्ध अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करते हुए आवश्यक सुधार संबंधी सुझाव भी दिए। साथ ही सभी से अपील की गई कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय निर्धारित सुरक्षा उपायों का पालन करें और समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करते रहें, ताकि जनहानि और संपत्ति के नुकसान को कम किया जा सके।