उमस भरी गर्मी के बीच भी नहीं डिगी श्रद्धा, वैष्णो देवी यात्रा जारी; हेलीकॉप्टर सेवा आंशिक रूप से प्रभावित

उमस भरी गर्मी के बीच भी नहीं डिगी श्रद्धा, वैष्णो देवी यात्रा जारी; हेलीकॉप्टर सेवा आंशिक रूप से प्रभावित

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा, मां वैष्णो देवी के पवित्र भवन और यात्रा मार्ग पर शुक्रवार को मौसम साफ रहा, लेकिन उमस भरी गर्मी ने श्रद्धालुओं की परीक्षा ली। तेज धूप और नमी के कारण यात्रा मार्ग पर श्रद्धालु पसीने से तरबतर नजर आए, फिर भी आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। जय माता दी के जयकारों के साथ श्रद्धालु लगातार भवन की ओर बढ़ते रहे।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को करीब 28 हजार श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए रवाना हुए थे। वहीं शुक्रवार को शाम 5 बजे तक लगभग 17 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर यात्रा पर निकल चुके थे।

मौसम साफ रहने के बावजूद हेलीकॉप्टर सेवा दिन के शुरुआती समय में कुछ उड़ानों के बाद आंशिक रूप से प्रभावित रही, जिससे हेलीकॉप्टर से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि बैटरी कार, घोड़ा, पालकी और पिट्ठू जैसी वैकल्पिक सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।

यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा पेयजल, चिकित्सा, शौचालय, विश्राम स्थल और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा बलों और श्राइन बोर्ड के कर्मचारी पूरे मार्ग पर तैनात रहे और यात्रा को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने में जुटे रहे।

कटड़ा के मुख्य बाजार, बाणगंगा, अर्धकुंवारी और भवन क्षेत्र में दिनभर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही और आस्था का उत्साह पूरे वातावरण में देखने को मिला।