यूपीटीईटी परीक्षा के दूसरे दिन परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए मुरादाबाद रोडवेज अलर्ट

मुरादाबाद। यूपीटीईटी-2026 परीक्षा के दूसरे दिन परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुरादाबाद रोडवेज प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर के निर्देश पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजवती ने परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद बस संचालन व्यवस्था को तेज कर दिया।

परीक्षा केंद्रों से बड़ी संख्या में निकलने वाले अभ्यर्थियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोडवेज बसों के फेरे बढ़ाए गए। साथ ही यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन भी कराया गया, ताकि किसी भी विद्यार्थी को यात्रा के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े।

रोडवेज अधिकारियों ने बस अड्डे पर लगातार निगरानी बनाए रखी और यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा देकर लौट रहे छात्र-छात्राओं को समय पर बसें उपलब्ध हों। इस व्यवस्था के चलते अभ्यर्थियों को राहत मिली और बिना किसी असुविधा के वे अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।

मुरादाबाद रोडवेज की इस तत्परता और बेहतर प्रबंधन की परीक्षार्थियों एवं उनके परिजनों ने सराहना की।