प्रयागराज मंडल में चला सघन टिकट जांच अभियान, जून माह में 1.36 लाख से अधिक यात्री पकड़े गए, 11 करोड़ रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया

प्रयागराज मंडल में चला सघन टिकट जांच अभियान, जून माह में 1.36 लाख से अधिक यात्री पकड़े गए, 11 करोड़ रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल द्वारा जून 2026 के दौरान चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 लाख 36 हजार 783 यात्रियों को विभिन्न नियम उल्लंघनों के तहत पकड़ा गया। इस दौरान रेलवे ने कुल 11 करोड़ 6 लाख 3 हजार 579 रुपये का जुर्माना वसूला।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरिमोहन के निर्देशन में 1 जून से 30 जून 2026 तक यह सघन अभियान चलाया गया। रेलवे द्वारा यात्रियों को बेहतर भोजन, स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए स्टेशनों एवं ट्रेनों में लगातार जांच की जा रही है।

अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए 61 हजार 645 यात्रियों से 6 करोड़ 26 लाख 41 हजार 452 रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले 72 हजार 765 यात्रियों से 4 करोड़ 67 लाख 19 हजार 308 रुपये वसूले गए। इसके अलावा बिना बुक कराए सामान ले जाने के 24 मामलों में 18 हजार 850 रुपये तथा धूम्रपान और गंदगी फैलाने के 2 हजार 349 मामलों में 12 लाख 23 हजार 969 रुपये जुर्माना वसूला गया।

स्टेशनवार कार्रवाई में सबसे अधिक मामले प्रयागराज जंक्शन पर सामने आए, जहां 46 हजार 585 यात्रियों पर कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ 78 लाख 68 हजार 180 रुपये वसूले गए। इसके बाद कानपुर सेंट्रल पर 30 हजार 11 यात्रियों से 2 करोड़ 51 लाख 16 हजार 430 रुपये तथा टूंडला जंक्शन पर 16 हजार 384 यात्रियों से 1 करोड़ 41 लाख 70 हजार 687 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे रेल यात्रा के दौरान वैध टिकट लेकर ही सफर करें, रेलवे नियमों का पालन करें तथा स्टेशन और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें। यात्रियों से यह भी कहा गया है कि कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और किसी भी अनियमितता या असुविधा की जानकारी तुरंत रेलवे अधिकारियों को दें।

प्रयागराज मंडल ने कहा है कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। यह जानकारी जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने दी।