हरदोई में अपंजीकृत निजी अस्पतालों और कोचिंग सेंटरों पर छापा, लाइब्रेरी सीज, कई अस्पताल संचालक ताला लगाकर फरार

हरदोई। लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार को हरपालपुर कस्बे में अग्निशमन विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अपंजीकृत निजी अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी पर सघन छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

सवायजपुर फायर स्टेशन प्रभारी गौतम चौहान के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में कई कोचिंग सेंटरों पर टीम के पहुंचते ही संचालक शटर बंद कर मौके से फरार हो गए। वहीं नायब तहसीलदार राजेश पटेल भी संयुक्त टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। जांच के दौरान एक लाइब्रेरी को नियमों के उल्लंघन के चलते सीज कर दिया गया।
टीम ने सहारा हॉस्पिटल एंड चाइल्ड केयर सेंटर, आरोग्य पॉली क्लीनिक समेत कई निजी अस्पतालों की भी जांच की। जांच के दौरान कई अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग का पंजीकरण, अग्निशमन विभाग की एनओसी और अन्य आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं मिले। इसके अलावा अधिकांश अस्पतालों में आपातकालीन निकास द्वार (इमरजेंसी एग्जिट) भी नहीं था। कुछ अस्पताल बेसमेंट में संचालित पाए गए, जो सुरक्षा मानकों के विपरीत है।
अधिकारियों ने अस्पताल संचालकों को तत्काल फायर सेफ्टी सिस्टम स्थापित करने, आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान कई अस्पताल संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर फरार हो गए।
इस अभियान में अग्निशमन विभाग के अरविंद कुमार, देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।