राजनांदगांव स्टेशन पर सिग्नल केबल क्षतिग्रस्त करने पर बड़ी कार्रवाई, मशीन चालक गिरफ्तार, HDD मशीन जब्त

राजनांदगांव स्टेशन पर सिग्नल केबल क्षतिग्रस्त करने पर बड़ी कार्रवाई, मशीन चालक गिरफ्तार, HDD मशीन जब्त

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रेल संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजनांदगांव स्टेशन पर सिग्नल केबल क्षतिग्रस्त करने वाले HDD मशीन चालक को गिरफ्तार कर मशीन जब्त कर ली है।

रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल द्वारा रेल परिचालन की सुरक्षा और समयबद्धता बनाए रखने के लिए रेल संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। मंडल सुरक्षा आयुक्त चेतन दिलीपराव जिचकार के निर्देशन में इस प्रकार के मामलों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार 28 जून 2026 को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के न्यू प्लेटफॉर्म के समीप सिग्नल कोर केबल क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक तरुणा साहू अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि Power Mech Infra Limited द्वारा रेलवे की पूर्व अनुमति के बिना रेलवे भूमि पर HDD मशीन से खुदाई कराई जा रही थी। इसी दौरान मशीन चालक की लापरवाही से सिग्नल केबल क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे रेल परिचालन प्रभावित हुआ।

आरपीएफ ने विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए HDD मशीन को जब्त कर लिया तथा मशीन चालक संजय राम को गिरफ्तार कर रेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। इस घटना के कारण करीब 2 घंटे 18 मिनट तक रेल परिचालन प्रभावित रहा, जिससे कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (सिग्नल) के मार्गदर्शन में क्षतिग्रस्त केबल की तत्काल मरम्मत कर उसे दूसरे पैनल में स्थानांतरित किया गया, जिसके बाद रेल संचालन दोबारा सामान्य किया गया।

रेलवे सुरक्षा बल ने स्पष्ट किया है कि रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, बिना अनुमति रेलवे क्षेत्र में कार्य करने या रेल परिचालन में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।