हरदोई में बारात बनी अखाड़ा, लाठी-डंडों के साथ फायरिंग का आरोप, कई घायल

हरदोई। संडीला कोतवाली क्षेत्र के बिराहिमपुर गांव में बीती रात एक बारात के दौरान मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। पीड़ित पक्ष ने मारपीट के दौरान फायरिंग होने का भी आरोप लगाया है। घटना में कई लोग घायल हो गए, जिससे बारात में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने फायरिंग भी की, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस काफी देर से मौके पर पहुंची। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने तहरीर लिखवाते समय फायरिंग की घटना का उल्लेख नहीं किया और दबाव बनाकर शिकायत दर्ज कराई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रण में लिया। संडीला पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों तथा दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर निष्पक्ष विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।