मुरादाबाद में बड़ी कार्रवाई: नियमों की अनदेखी पर स्कॉलर डेन कोचिंग सेंटर सील, फायर सुरक्षा, अवैध निर्माण और पार्किंग नियम उल्लंघन बना कारण

मुरादाबाद में बड़ी कार्रवाई: नियमों की अनदेखी पर स्कॉलर डेन कोचिंग सेंटर सील, फायर सुरक्षा, अवैध निर्माण और पार्किंग नियम उल्लंघन बना कारण

मुरादाबाद। शहर में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, भवन उपयोग नियमों के उल्लंघन और अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए Scholar Den Coaching Centre को सील कर दिया। बुधवार शाम Moradabad Development Authority की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार वासुदेव कॉम्प्लेक्स नाम की इस बिल्डिंग ने करीब एक वर्ष पहले शोरूम संचालन के लिए फायर एनओसी प्राप्त की थी। उसी आधार पर भवन में अग्निशमन विभाग के मानकों के अनुसार शोरूम के हिसाब से फायर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। लेकिन बाद में इसी भवन में स्कॉलर डेन नाम से कोचिंग सेंटर संचालित किया जाने लगा।

नियमों के अनुसार शोरूम और कोचिंग सेंटर के लिए अग्नि सुरक्षा के मानक अलग-अलग होते हैं। कोचिंग सेंटर में बड़ी संख्या में छात्रों की मौजूदगी को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा उपकरण, आपातकालीन निकास, अग्निशमन यंत्र और अन्य सुरक्षा इंतजाम अनिवार्य होते हैं। जांच के दौरान पाया गया कि भवन में मौजूद फायर सुरक्षा व्यवस्था शोरूम के मानकों के अनुसार थी, जबकि वहां कोचिंग सेंटर चलाया जा रहा था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद अग्निशमन विभाग ने संचालकों को नोटिस जारी कर आवश्यक कमियां दूर करने के निर्देश दिए थे, लेकिन निर्धारित समय में नियमों के अनुरूप व्यवस्थाएं पूरी नहीं की गईं।

जांच के दौरान Moradabad Development Authority ने यह भी पाया कि जिस भवन का नक्शा शोरूम के लिए स्वीकृत किया गया था, उसी भवन में बिना अनुमति कोचिंग सेंटर संचालित किया जा रहा था। इसके अलावा परिसर में पार्किंग व्यवस्था का अभाव, सेटबैक क्षेत्र पर अतिक्रमण तथा अनाधिकृत निर्माण जैसी गंभीर अनियमितताएं भी सामने आईं।

प्राधिकरण ने पहले नोटिस जारी कर स्पष्ट चेतावनी दी थी कि स्वीकृत नक्शे के विपरीत किसी अन्य गतिविधि का संचालन नहीं किया जा सकता, लेकिन लगातार नियमों की अनदेखी की जाती रही।

इन सभी गंभीर उल्लंघनों को देखते हुए बुधवार शाम मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और स्कॉलर डेन कोचिंग सेंटर को सील कर दिया।

प्रशासन का कहना है कि शहर में सुरक्षा मानकों, भवन उपयोग नियमों, पार्किंग व्यवस्था और निर्माण मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।