हरदोई में निर्माणाधीन पुल की बीम गिरने से हादसा, दो मजदूर घायल, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

हरदोई। जनपद के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र में लखनऊ-शाहजहांपुर-पलिया नेशनल हाईवे (एनएच-731) पर निर्माणाधीन पुल की बीम गिरने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में दो मजदूर घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10:20 बजे सैदपुर स्थित शारदा नहर पर बन रहे पुल में निर्माण कार्य के दौरान बीम को स्थापित किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक भारी बीम नीचे गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे में राहुल पुत्र छोटेलाल और राजेश्वर पुत्र गेंदालाल घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा पुलिस व प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों को तत्काल उपचार के लिए चिकित्सालय भिजवाया।
प्रशासन द्वारा मौके पर गिरी हुई बीम को हटाने का कार्य कराया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मलबे के नीचे कोई अन्य व्यक्ति फंसा तो नहीं है। फिलहाल अभी तक घटना में किसी जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी को हादसे की जांच करने तथा आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है और कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।