अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर इज्जतनगर मंडल में उत्साहपूर्वक हुआ सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर इज्जतनगर मंडल में उत्साहपूर्वक हुआ सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

इज्जतनगर मंडल में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वस्थ आयु के लिए योग विषय के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। मुख्य कार्यक्रम रेलवे अधिकारी क्लब,इज्जतनगर में प्रातः आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सहित रेलवे अधिकारी, स्काउट एवं गाइड संगठन, नागरिक सुरक्षा संगठन के सदस्य, रेल कर्मचारी और उनके परिवारजन उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

योग प्रशिक्षक डॉ. सुधांशु सिंह एवं डॉ. निधि सिंह ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। इस दौरान प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कोलकाता में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से लाखों लोगों के साथ किए गए सामूहिक योगाभ्यास का सीधा प्रसारण भी देखा गया, जिससे कार्यक्रम में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर व्यक्ति को स्वस्थ, सकारात्मक और ऊर्जावान जीवन प्रदान करता है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रीवा चालन, स्कंध संचालन, कटि चालन, ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, पवनमुक्तासन और शवासन सहित कई योगासनों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली, भ्रामरी तथा ध्यान जैसी प्राणायाम विधियों का भी अभ्यास कराया गया और इनके लाभों की जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त इज्जतनगर मंडल के विभिन्न रेल प्रतिष्ठानों और स्टेशनों पर भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए। ट्रेन सेट शेड, सवारी एवं माल डिब्बा डिपो, इंजीनियरिंग एवं परिचालन प्रशिक्षण केंद्र, लोको शेड, रेलवे सुरक्षा बल बैरक तथा बरेली सिटी, काठगोदाम, लालकुआँ, फर्रुखाबाद, रामनगर, कासगंज और पीलीभीत रेलवे स्टेशनों पर सामूहिक योगाभ्यास कराया गया।

मंडल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का संपूर्ण आयोजन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह के नेतृत्व और समन्वय में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर रेलवे अधिकारियों ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक शांति और संतुलित जीवन जीने की एक संपूर्ण जीवन पद्धति है, जिसे अपनाकर स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।