फिरोजपुर मंडल ने शुरू किया ‘रेलवन ऐप’ जागरूकता अभियान, यात्रियों को मिल रही डिजिटल सुविधाओं की जानकारी

फिरोजपुर। भारतीय रेलवे की डिजिटल सेवाओं को अधिक से अधिक यात्रियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे के फिरोजपुर मंडल द्वारा ?रेलवन ऐप? के व्यापक प्रचार-प्रसार का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर एलईडी स्क्रीन, वीडियो वॉल और ड्यूल डिस्प्ले सूचना प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को ऐप की सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है।

अभियान के दौरान यात्रियों को बताया जा रहा है कि रेलवन ऐप के जरिए आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट बुकिंग, डिजिटल भुगतान और रेलवे की कई महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ सीधे मोबाइल फोन पर घर बैठे लिया जा सकता है। साथ ही ऑनलाइन भुगतान को बढ़ावा देने के लिए यात्रियों को ऐप के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार अनारक्षित टिकट रेलवन ऐप से लेने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत की विशेष छूट भी मिल रही है। स्टेशनों पर चलाए जा रहे डिजिटल संदेशों के जरिए इस सुविधा के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि अमृतसर, जालंधर शहर, जालंधर कैंट, लुधियाना, ब्यास, फिरोजपुर कैंट और फगवाड़ा सहित मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यात्रियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और बढ़ती जागरूकता के चलते रेलवन ऐप के उपयोगकर्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। रेलवे का मानना है कि यह पहल यात्रियों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने और रेलवे सुविधाओं को अधिक सरल, तेज और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।