मुंबई रेल यात्रियों के लिए अहम सूचना: दिवा स्टेशन पर विशेष ब्लॉक, कई लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

मुंबई रेल यात्रियों के लिए अहम सूचना: दिवा स्टेशन पर विशेष ब्लॉक, कई लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

मध्य रेलवे के मुंबई मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे ढांचे को मजबूत बनाने के लिए दिवा स्टेशन पर नए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण कार्य हेतु 19/20 जून 2026 की मध्यरात्रि में विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है। यह ब्लॉक दक्षिण छोर (सीएसएमटी की ओर) और उत्तर छोर (कल्याण की ओर) पर नए एफओबी के लिए गर्डर लॉन्चिंग कार्य के तहत लिया जाएगा।

रेलवे के अनुसार यह ब्लॉक 19/20 जून की रात 12:10 बजे से सुबह 4:10 बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान 300 मीट्रिक टन और 110 टन रोड क्रेन की सहायता से गर्डर स्थापित किए जाएंगे। ब्लॉक का प्रभाव ठाणे डोंबिवली अप एवं डाउन फास्ट लाइन, पांचवीं और छठी लाइन तथा दिवा?निलजे?पनवेल?रोहा इलेक्ट्रिफाइड लाइन पर पड़ेगा।

इस कार्य के चलते उपनगरीय सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी। 20 जून को अंबरनाथ सीएसएमटी लोकल, जो सुबह 3:43 बजे अंबरनाथ से चलती है, तथा सीएसएमटी अंबरनाथ लोकल, जो सुबह 5:16 बजे सीएसएमटी से रवाना होती है, दोनों ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। 11003 दादर?सावंतवाड़ी रोड एक्सप्रेस जो 20 जून को रात 12:05 बजे दादर से रवाना होनी थी, अब उसे पुनर्निर्धारित कर सुबह 4:00 बजे चलाया जाएगा।

इसके अलावा कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। 12141 एलटीटी?पाटलिपुत्र सुपरफास्ट, 12879 एलटीटी भुवनेश्वर सुपरफास्ट और 22538 एलटीटी गोरखपुर कुशीनगर सुपरफास्ट को ठाणे और कल्याण के बीच अन्य लाइन पर चलाया जाएगा, जिससे ये ट्रेनें 10 से 15 मिनट तक देरी से चलेंगी।

वहीं अप दिशा की कई प्रमुख ट्रेनें जैसे 01028 गोरखपुर दादर स्पेशल, 12102 शालीमार एलटीटी ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस, 11020 भुवनेश्वर?सीएसएमटी कोणार्क एक्सप्रेस, 12810 हावड़ा सीएसएमटी मेल सहित कई ट्रेनों को कल्याण ठाणे सेक्शन में दूसरी लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा, जिसके कारण ये ट्रेनें 30 से 40 मिनट की देरी से गंतव्य तक पहुंचेंगी।

साथ ही 11032 अलीपुरद्वार पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस को खडवली स्टेशन पर कुछ समय के लिए नियंत्रित किया जाएगा। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यदि अन्य मेल, एक्सप्रेस या स्पेशल ट्रेनें देरी से चलती हैं तो परिचालन जरूरत के अनुसार उनके मार्ग में भी बदलाव किया जा सकता है।

डॉ. स्वप्निल निला ने बताया कि यह ब्लॉक रेलवे बुनियादी ढांचे के विकास और यात्रियों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा के लिए सहयोग करें और यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेकर ही सफर करें।