नीट-2026 अभ्यर्थियों के लिए राहत: पश्चिम रेलवे चलाएगी तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

नीट-2026 अभ्यर्थियों के लिए राहत: पश्चिम रेलवे चलाएगी तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और अतिरिक्त यात्रा मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने विशेष किराये पर तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इन ट्रेनों का संचालन 20 जून से किया जाएगा, जिससे परीक्षा देने जा रहे हजारों छात्रों को यात्रा में सहूलियत मिलेगी।

पहली स्पेशल ट्रेन मणिनगर-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल

ट्रेन संख्या 09472 शनिवार 20 जून 2026 को मणिनगर से सुबह 08:30 बजे रवाना होकर शाम 06:15 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09471 उसी दिन रात 09:15 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होकर 21 जून सुबह 06:00 बजे मणिनगर पहुंचेगी। यह ट्रेन रास्ते में आनंद, विश्वामित्री, भरूच, सूरत, नवसारी, वलसाड, वापी, पालघर और बोरीवली स्टेशनों पर रुकेगी।

दूसरी स्पेशल ट्रेन ओखा-गांधीनगर कैपिटल स्पेशल

ट्रेन संख्या 09554 शनिवार 20 जून को ओखा से सुबह 05:00 बजे रवाना होकर दोपहर 03:00 बजे गांधीनगर कैपिटल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09553 रविवार 21 जून को रात 08:55 बजे गांधीनगर कैपिटल से चलेगी और 22 जून सुबह 06:40 बजे ओखा पहुंचेगी। यह ट्रेन द्वारका, जामनगर, राजकोट, सुरेंद्रनगर, वीरमगाम सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।

तीसरी स्पेशल ट्रेन भावनगर टर्मिनस-गांधीग्राम स्पेशल

ट्रेन संख्या 09254 शनिवार 20 जून को भावनगर टर्मिनस से सुबह 11:40 बजे रवाना होकर शाम 04:10 बजे गांधीग्राम पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09253 रविवार 21 जून को रात 08:00 बजे गांधीग्राम से रवाना होकर 22 जून रात 12:35 बजे भावनगर टर्मिनस पहुंचेगी। यह ट्रेन भावनगर परा, सिहोर, धोला, बोटाद, धंधुका, धोलका, बावला और सरखेज स्टेशनों पर ठहरेगी।

रेलवे के अनुसार, इन सभी स्पेशल ट्रेनों में स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।