उत्तर पश्चिम रेलवे में ‘रेल निकुंज पॉलीक्लिनिक’ का उद्घाटन, रेलवे कर्मचारियों को मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के रेलवे लाभार्थियों को बेहतर और समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रेल निकुंज परिसर, जगतपुरा में नवनिर्मित रेल निकुंज पॉलीक्लिनिक का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ एवं उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा डॉ. अंजू उपस्थित रहीं।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार इस पॉलीक्लिनिक की स्थापना रेलवे कर्मचारियों, पेंशनर्स और उनके आश्रितों को एक ही स्थान पर व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।

महाप्रबंधक अमिताभ ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस नई पॉलीक्लिनिक के माध्यम से लाभार्थियों को विभिन्न चिकित्सा सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी।

पॉलीक्लिनिक में एलोपैथी, होम्योपैथी और आयुर्वेद ओपीडी के साथ दवाओं की सुविधा दी गई है। इसके अलावा डे-केयर सेंटर, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट, फिजियोथेरेपिस्ट, डेंटल सेवाएं, ब्लड टेस्ट और अन्य उपचार सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

इस सुविधा का लाभ उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय के कार्यरत एवं सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ जगतपुरा और खातीपुरा रेलवे स्टेशन से जुड़े करीब 1500 रेलवे परिवारों को मिलेगा।

रेल निकुंज पॉलीक्लिनिक शुरू होने से रेलवे लाभार्थियों को अपने आवासीय क्षेत्र के पास ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी, जिससे समय की बचत होगी और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच पहले से अधिक मजबूत बनेगी।

इस दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे चिकित्सक और कर्मचारी भी मौजूद रहे।