नागपुर रेल मंडल ने मई में रचा राजस्व का नया रिकॉर्ड, टिकट जांच से 2.14 करोड़ रुपये की वसूली

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने मई 2026 में माल ढुलाई, यात्री आय, टिकट जांच और गैर-किराया राजस्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। मंडल का यह प्रदर्शन यात्रियों और माल ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने तथा राजस्व बढ़ाने की दिशा में उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मंडल द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मई 2026 में कुल 1.61 मिलियन टन माल ढुलाई की गई, जिससे 158.29 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं 1466 टन पार्सल लोडिंग से 26.12 लाख रुपये की आय अर्जित की गई।

यात्री सेवाओं के क्षेत्र में भी मंडल का प्रदर्शन उत्साहजनक रहा। मई माह में 24.1 लाख यात्रियों ने रेल यात्रा की, जिससे 29.49 करोड़ रुपये की आय हुई। यह आय मई 2025 की तुलना में 11.28 प्रतिशत अधिक रही।

इसके अलावा, गैर-किराया राजस्व (एनएफआर) के तहत मंडल ने 16.94 लाख रुपये तथा कैटरिंग सेवाओं से 8.67 लाख रुपये की आय दर्ज की।

टिकट जांच अभियानों में भी नागपुर मंडल ने बड़ी सफलता हासिल की। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह के निर्देशन में विभिन्न ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 40,179 मामलों में बिना टिकट, अनियमित यात्रा और बिना बुक किए गए सामान के मामलों का पता लगाया गया। इनसे कुल 2.14 करोड़ रुपये की वसूली की गई।

रेलवे परिसर में स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने के लिए चलाए गए अभियानों के तहत धूम्रपान के 96 मामलों में 19,200 रुपये तथा गंदगी फैलाने वाले 330 यात्रियों से 34,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार नागपुर मंडल का यह प्रदर्शन परिचालन दक्षता, प्रभावी राजस्व प्रबंधन और यात्रियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने की दिशा में लगातार किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।