एटा/जलेसर: इसौली में ओवरलोड डंपर की टक्कर से बाइक सवार महिला की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में मचा हड़कंप।

*एटा/जलेसर: इसौली में ओवरलोड डंपर की टक्कर से महिला की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में मचा हड़कंप।*

जनपद एटा के सकरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत गाँव इसौली में स्कूल वाली मोड़ के पास ओवरलोड वाहनों का कहर देखने को मिला, जहां एक ओवरलोड डंपर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक महिला अपने पति के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर जलेसर क्षेत्र के किसी गाँव में रिश्तेदारी में जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ओवरलोड डंपर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिर गई और गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक महिला टूंडला क्षेत्र की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं क्षेत्रीय लोगों ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सकरौली थाना प्रभारी नित्यानंद पाण्डेय ने बताया है कि एक्सिडेंट वाले ओवर लोड डंपर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और मृतक महिला के शव को पंच नामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

रिपोर्ट: रमेश जादौन एटा।