कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए प्रयागराज मंडल की विशेष व्यवस्था, चलाई गईं एग्जाम स्पेशल ट्रेनें

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने व्यापक इंतजाम किए। परीक्षार्थियों की भारी संख्या को देखते हुए कानपुर सेंट्रल और प्रयागराज से कई एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया, जिससे अभ्यर्थियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में मदद मिली।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल सहित प्रमुख स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं की गईं। प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर अतिरिक्त प्रबंध कर यात्रियों की आवाजाही को सुचारु बनाया गया। मंडल स्तर पर स्थापित वार रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्टेशनों की लगातार निगरानी की गई तथा अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं पर लगातार नजर बनाए रखी।

यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के लिए रेलवे सुरक्षा बल तथा राजकीय रेलवे पुलिस के जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई। वाणिज्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन किया, जबकि हेल्प डेस्क और टिकट जांच स्टाफ ने आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराईं।

कानपुर से चार एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन

कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए कानपुर सेंट्रल से शाम 7 बजे तक चार विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया।

कानपुर सेंट्रल?झांसी एग्जाम स्पेशल ट्रेन दोपहर 1:40 बजे रवाना हुई, जिसमें लगभग 2,500 यात्री सवार थे।

कानपुर सेंट्रल?लखनऊ एग्जाम स्पेशल ट्रेन अपराह्न 3:00 बजे रवाना हुई, जिसमें करीब 800 यात्री थे।

दूसरी कानपुर सेंट्रल?झांसी एग्जाम स्पेशल ट्रेन शाम 6:20 बजे रवाना की गई, जिसमें लगभग 3,500 यात्री यात्रा कर रहे थे।

कानपुर सेंट्रल?लखनऊ एग्जाम स्पेशल ट्रेन शाम 6:27 बजे रवाना हुई, जिसमें करीब 3,800 अभ्यर्थी और यात्री सवार थे।

इसके अतिरिक्त प्रयागराज से बांदा जाने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए एक विशेष ट्रेन को शाम 6:45 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 10 पर लगाया गया।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की गई और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को लगातार आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाती रही। रेलवे का उद्देश्य अभ्यर्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और तनावमुक्त यात्रा उपलब्ध कराना है, ताकि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर परीक्षा में शामिल हो सकें।