* दिल्ली में बनेगा श्री बांके बिहारी वृंदावन की तर्ज पर भव्य मंदिर *

श्री कृष्णम् शरणम् मम फाउंडेशन द्वारा आयोजित भव्य ?श्री बांके बिहारी भजन संध्या? का आयोजन शुक्रवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में दिल्ली एवं एनसीआर के अनेक प्रतिष्ठित उद्योगपतियों, समाजसेवियों, व्यवसायियों तथा गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान श्री बांके बिहारी जी की दिव्य झांकियां एवं वृंदावन के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर की भव्य प्रतिकृति रही। आकर्षक सजावट, पुष्प श्रृंगार एवं भक्तिमय वातावरण ने उपस्थित श्रद्धालुओं को वृंदावन धाम की अनुभूति कराई। संपूर्ण परिसर ?राधे-राधे? और ?जय श्री कृष्ण? के उद्घोषों से गुंजायमान रहा।

भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत भक्तिमय भजनों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रखा। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था एवं आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए इसे समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला प्रयास बताया।

इस अवसर पर फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने घोषणा की कि संस्था दिल्ली में श्री बांके बिहारी वृंदावन की तर्ज पर एक भव्य एवं विश्वस्तरीय मंदिर के निर्माण के लिए प्रयासरत है। इस परियोजना के लिए भूमि आवंटन हेतु संबंधित विभागों एवं दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया जा चुका है।

फाउंडेशन के अनुसार प्रस्तावित मंदिर केवल पूजा-अर्चना का केंद्र नहीं होगा, बल्कि सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक शिक्षा, गौ सेवा, सामाजिक सेवा, युवा मार्गदर्शन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। मंदिर परिसर में धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की भी योजना है, जिससे समाज को भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने में सहायता मिलेगी।

फाउंडेशन ने देशभर के उद्योगपतियों, समाजसेवियों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से इस दिव्य अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया है। इच्छुक व्यक्ति ट्रस्टी सदस्य, संरक्षक सदस्य अथवा सहयोगी सदस्य के रूप में जुड़कर इस पुण्य कार्य में योगदान दे सकते हैं।

श्री कृष्णम् शरणम् मम फाउंडेशन के संस्थापक सदस्यों में देश के प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं समाजसेवी शामिल हैं, जिनमें श्री वासुदेव गर्ग, श्री गौरसुंदर अग्रवाल, श्री धीरजधर गुप्ता, श्री अनिल कोटावाला, श्री कपिल अग्रवाल, श्री अनिल वधवा, श्री राजेश गुप्ता, श्री सुनील गोयल, श्री मुकेश गर्ग तथा डॉ. एन.के. गोयल प्रमुख हैं। इनके अतिरिक्त अनेक अन्य गणमान्य व्यक्तियों का भी संस्था को मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त है।

कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन की ओर से सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों, सहयोगियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया तथा भगवान श्री बांके बिहारी जी से समाज में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की गई।