संरक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 रेलकर्मी सम्मानित महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने प्रदान किए संरक्षा पुरस्कार

संरक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 रेलकर्मी सम्मानित

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने प्रदान किए संरक्षा पुरस्कार

सुनील कुमार मीना बने अप्रैल 2026 के सर्वश्रेष्ठ रेलकर्मी

प्रयागराज, 09 जून। उत्तर मध्य रेलवे में संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने के लिए मंगलवार को विशेष समारोह का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी यतेन्द्र कुमार तथा विभागाध्यक्षों की उपस्थिति में प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडलों के 13 रेल कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

अप्रैल 2026 माह के लिए चयनित कर्मचारियों को रेलवे संचालन में सतर्कता, जिम्मेदारी और संरक्षा के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया। सम्मानित कर्मचारियों में प्वाइंट्समैन, स्टेशन मास्टर, लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, पैसेंजर ट्रेन मैनेजर, तकनीशियन तथा गेटमैन शामिल रहे।

समारोह में आगरा मंडल के बहज स्टेशन पर कार्यरत प्वाइंट्समैन सुनील कुमार मीना को अप्रैल 2026 माह का सर्वश्रेष्ठ रेलकर्मी घोषित किया गया। उन्हें संरक्षा के प्रति उत्कृष्ट कार्य एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा कि रेल संरक्षा भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है और संरक्षा मानकों के पालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करना अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से संरक्षा के प्रति सजग रहते हुए यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया।

उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन का मानना है कि ऐसे सम्मान कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ संरक्षा संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।