हिंदू बनकर बढ़ाईं नजदीकियां शादी का सपना दिखाकर किया शोषण धर्मांतरण के लिए किया ब्लैकमेल आरोपी गिरफ्तार

बरेली। शादी का झांसा देकर महिला से संबंध बनाने, पहचान छिपाने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप में कैंट पुलिस ने फरार आरोपी बाबी उर्फ अरबाज को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की शिकायत पर दर्ज मुकदमे के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। सोमवार को उसे नकटिया मोहनपुर विद्युत उपकेंद्र के सामने से दबोच लिया गया।छह जून को कैंट थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक युवक ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर उससे संपर्क किया और शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि बाद में युवक ने उसकी निजी तस्वीरों और वीडियो का हवाला देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया और धमकियां भी दी गईं।डेढ़ साल तक चलता रहा संबंध, फिर सामने आया विवाद महिला की तहरीर के आधार पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर चलाए जा रहे फरार अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत कैंट पुलिस टीम ने सोमवार को बारादरी के रोहिली टोला निवासी बाबी उर्फ अरबाज पुत्र कय्यूम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है पूछताछ में आरोपी ने किया अलग दावा पुलिस पूछताछ में आरोपी बाबी उर्फ अरबाज ने बताया कि उसकी मुलाकात करीब डेढ़ वर्ष पहले शाहदाना स्थित दरगाह पर महिला से हुई थी। उसके अनुसार दोनों एक-दूसरे के धर्म और वैवाहिक स्थिति से पहले से परिचित थे तथा आपसी सहमति से विभिन्न स्थानों पर साथ रह रहे थे। आरोपी का दावा है कि कुछ समय पहले दोनों के बीच विवाद हो गया था, जिसके बाद वह अपनी पहली पत्नी के पास लौट गया। उसका कहना है कि इसी विवाद के चलते उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस बोली- विवेचना में सामने आएगी सच्चाई कैंट पुलिस का कहना है कि आरोपी के बयान केवल पूछताछ के दौरान बताए गए तथ्य हैं। मामले की विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।