हरदोई में दबंगों ने एसडीएम पर किया हमला, सर में लगे छह टांके, जिला पंचायत सदस्य के बेटे उदयवीर पर आरोप

हरदोई। शाहाबाद तहसील क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शाहाबाद के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सुशील कुमार मिश्रा पर हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि परियल गांव में निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य लालाराम राजपूत के पुत्र उदयवीर राजपूत और उसके साथ मौजूद अन्य लोगों ने एसडीएम के साथ मारपीट कर दी।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा अन्नपूर्णा भवन का निरीक्षण करने परियल गांव पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उदयवीर ने डंडे से हमला कर एसडीएम के सिर पर चोट पहुंचाई। इसके बाद मौके पर मौजूद अन्य लोगों द्वारा भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
हमले में घायल एसडीएम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद ले जाया गया, जहां उनके सिर में गंभीर चोट होने के कारण छह टांके लगाए गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया तथा बड़ी संख्या में अधिकारी मौके पर पहुंचे।
घटना के बाद मीडिया द्वारा जानकारी लेने पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल त्रिपाठी पत्रकारों के सवालों पर नाराज दिखाई दिए। उन्होंने पत्रकार से कहा कि थोड़ा शर्म कर लो आप, मामले की आधिकारिक जानकारी बाद में उपलब्ध करा दी जाएगी।
एसडीएम जैसे वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पर हुए हमले की घटना ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं प्रशासन की ओर से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।
फिलहाल मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।