हरदोई पुलिस ने तीन वाहन चोरों को किया गिरफ्तार, 22 चोरी की बाइक और 3 स्कूटी बरामद, रेकी के बाद करते थे चोरी

हरदोई। जनपद में अपराध नियंत्रण तथा मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कासिमपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 22 चोरी की मोटरसाइकिलें, 3 स्कूटी तथा एक तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में शकील पुत्र जब्बार निवासी बरगदिया खेड़ा थाना कासिमपुर, वीरू पुत्र बालकराम निवासी झौनीखेड़ा मजरा करलांवा थाना कासिमपुर तथा अरबी हसन पुत्र उस्मान निवासी ग्राम कहचारी थाना कासिमपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद सभी वाहन हरदोई, लखनऊ और अन्य जनपदों के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।
बरामदगी के आधार पर थाना कासिमपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्राधिकारी संडीला संतोष सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से विभिन्न जिलों में किराये के कमरे लेकर रहते थे और पहले वाहनों की रेकी करते थे। इसके बाद सुनसान स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी कर लेते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के वाहनों की पहचान छिपाने के लिए आरोपी उनकी नंबर प्लेट हटा देते थे। कुछ वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका इस्तेमाल भी किया जाता था। गिरोह लंबे समय से हरदोई, लखनऊ और उन्नाव समेत कई जिलों में सक्रिय था।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने इस सफलता पर पुलिस टीम को 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने की घोषणा की है।