बरेली में हवाला रैकेट का भंडाफोड़ 35 लाख कैश फर्जी कंपनी और दुबई कनेक्शन का खुलासा

बरेली। बारादरी पुलिस ने हवाला कारोबार के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 35 लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और दो फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में हवाला लेनदेन के तार दुबई से जुड़े होने की बात सामने आई है।lवरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर माधोबाड़ी क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान जमीर अहमद निवासी हजियापुर चुंगी और जगदीश चोटिया निवासी बीकानेर, राजस्थान को गिरफ्तार किया गया।पुलिस पूछताछ में जमीर अहमद ने बताया कि उसका संपर्क दुबई में रहने वाले अली जीशान से था। आरोप है कि अली जीशान के निर्देश पर मोईन अली के नाम से केजीएन (KGN) नामक एक फर्जी कंपनी बनाई गई थी। कंपनी का कार्यालय पीलीभीत बाईपास रोड स्थित आशुतोष सिटी में संचालित किया जा रहा था, जबकि वहां कोई वास्तविक व्यापारिक गतिविधि नहीं होती थी।जांच में सामने आया कि व्हाट्सएप के माध्यम से टोकन नंबर भेजे जाते थे और विभिन्न खातों में बड़ी रकम जमा कराई जाती थी। बाद में यह धन हवाला नेटवर्क के जरिए दिल्ली में बैठे कथित संपर्कों तक पहुंचाया जाता था।गिरफ्तार आरोपी जगदीश चोटिया ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले चार वर्षों से बरेली में हवाला कारोबार से जुड़ा था। उसका काम टैक्स बचाने या बेनामी धन के लेनदेन में सहायता करना था। वह कमीशन लेकर टोकन धारकों तक रकम पहुंचाता था और लेनदेन करने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाती थी।पुलिस ने मामले में मोईन अली, लालचंद और धम्माराम को वांछित घोषित किया है। तीनों फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। थाना बारादरी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब हवाला नेटवर्क के वित्तीय स्रोतों, दुबई कनेक्शन और संभावित अन्य सहयोगियों की जांच की जा रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।